भारी वर्षा पर हरिद्वार प्रशासन सतर्क, जिलाधिकारी ने दिए त्वरित राहत व बचाव के निर्देश
रिपोर्ट दिशा शर्मा

हरिद्वार। जनपद में हो रही लगातार भारी वर्षा को देखते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान तहसील व ब्लॉक मुख्यालय के अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्क रहने के निर्देश दिए और कहा कि जलभराव की स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल निकासी की व्यवस्था की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारी वर्षा के कारण कोई सड़क अवरुद्ध या क्षतिग्रस्त होने पर उसे तुरंत आवागमन के लिए सुचारू किया जाए।
पतंजलि फेस-1 के समीप हो रहे जलभराव की समस्या पर उन्होंने संयुक्त मजिस्ट्रेट रुड़की को त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। शिक्षा, पंचायती राज और बाल विकास विभाग सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को आदेश दिया गया कि यदि स्कूल भवन, आंगनवाड़ी केंद्र, पंचायत घर या अन्य परियोजनाएं क्षतिग्रस्त होती हैं तो उनके मरम्मत का व्यय प्रस्ताव शीघ्र जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी को भेजा जाए।
जिलाधिकारी ने सभी खंड विकास अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में फॉगिंग कराने, ग्राम पंचायत स्तर पर निगरानी बढ़ाने और पेयजल व विद्युत आपूर्ति में बाधा आने पर त्वरित सुधार कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने आमजन को चेतावनी दी कि भारी वर्षा के दौरान विद्युत खंभों या ट्रांसफार्म के पास न जाएं और इसके लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आकांक्षा कोण्डे, अपर जिलाधिकारी वित्त दीपेंद्र सिंह नेगी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी आरके सिंह, मुख्य शिक्षा अधिकारी केके गुप्ता, परियोजना निर्देशक केएन तिवारी, जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश, जिला पंचायत राज अधिकारी अतुल प्रताप सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



