पंजनहेड़ी ग्राम को बड़ी सौगात।
संस्कृत ग्राम योजना में शामिल 10 अगस्त को मुख्यमंत्री करेंगे उद्घाटन!

रिपोर्ट:दिशा शर्मा!
हरिद्वार: उत्तराखंड सरकार द्वारा प्रदेश में संस्कृत भाषा के संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाते हुए 13 जिलों के 13 ग्रामों को “संस्कृत ग्राम” घोषित किया गया है। इसी क्रम में हरिद्वार जनपद के विकासखंड बहादराबाद अंतर्गत नूरपुर पंजनहेड़ी ग्राम को यह गौरव प्राप्त हुआ है। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी 10 अगस्त को प्रातः 11 बजे इन सभी संस्कृत ग्रामों का वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन करेंगे। मुख्य कार्यक्रम देहरादून जनपद के भोगपुर (विकासखंड डोईवाला) से प्रसारित किया जाएगा।
पंजनहेड़ी में भी वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम का आयोजन होगा, जिसके लिए जिला प्रशासन द्वारा तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों व कर्मचारियों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।
यह योजना राज्य सरकार की संस्कृत भाषा के प्रति गहरी प्रतिबद्धता और सांस्कृतिक पुनर्जागरण की भावना को दर्शाती है। संस्कृत ग्रामों के माध्यम से न केवल भाषा का संरक्षण होगा, बल्कि स्थानीय संस्कृति व परंपराओं को भी नया जीवन मिलेगा।



