आपदा में आशा की किरण: रानीपुर विधायक आदेश चौहान ने बढ़ाया मदद का हाथ, एक माह का वेतन मुख्यमंत्री राहत कोष में दिया
रिपोर्ट दिशा शर्मा
उत्तरकाशी जिले के धराली क्षेत्र में 5 अगस्त 2025 को आई भीषण प्राकृतिक आपदा ने समूचे उत्तराखंड को झकझोर कर रख दिया। बादल फटने की इस दर्दनाक घटना में भारी जानमाल की क्षति हुई है, जिससे क्षेत्र में भय और असहायता का माहौल व्याप्त है।
इस कठिन समय में रानीपुर विधायक आदेश चौहान ने मानवीय संवेदनाओं का परिचय देते हुए आपदाग्रस्त क्षेत्रों की सहायता के लिए अपना एक माह का वेतन मुख्यमंत्री राहत कोष में समर्पित किया है। उन्होंने इस त्रासदी को लेकर गहरा शोक व्यक्त किया और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की।
विधायक चौहान ने कहा, “यह समय व्यक्तिगत नहीं, सामाजिक ज़िम्मेदारी निभाने का है। प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को आगे बढ़कर आपदा प्रभावितों की सहायता करनी चाहिए। हमारी एकजुटता ही इस संकट का सामना करने की सबसे बड़ी ताकत है।”
उन्होंने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं राहत एवं बचाव कार्यों की सतत निगरानी कर रहे हैं। केंद्र और राज्य सरकार की टीमें पूरी तत्परता और समर्पण के साथ राहत, बचाव एवं पुनर्वास कार्यों में जुटी हैं।
रानीपुर विधायक का यह कदम न केवल जनप्रतिनिधियों के सामाजिक दायित्व की मिसाल है, बल्कि समूचे प्रदेश के लिए एक प्रेरणा भी है कि हम सब मिलकर इस कठिन घड़ी को पार कर सकते हैं



