स्मार्ट मीटर थोपे जाने के खिलाफ कांग्रेस का हल्ला बोल, वरुण बालियान के नेतृत्व में बिजली विभाग का घेराव

रिपोर्ट:दिशा शर्मा!
हरिद्वार।उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी के पूर्व प्रदेश महासचिव वरुण बालियान के नेतृत्व में शनिवार को भेल फाउंड्री गेट के पास स्थित बिजली विभाग कार्यालय का घेराव किया गया। प्रदर्शनकारियों ने स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया को जबरन और जनविरोधी करार देते हुए तत्काल रोक लगाने की मांग की।
वरुण बालियान ने कहा कि स्मार्ट मीटर के नाम पर आम जनता को डरा-धमका कर जबरन मीटर लगाए जा रहे हैं। तीन दिन पूर्व ज्वालापुर क्षेत्र में एक उपभोक्ता द्वारा विरोध करने पर वहां के जेई ने मुकदमा दर्ज कराने की धमकी दी। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसे अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए और जबरदस्ती स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया पर तुरंत रोक लगाई जाए।
महानगर अध्यक्ष अमन गर्ग और मुरली मनोहर ने कहा कि लोग स्मार्ट मीटर से संतुष्ट नहीं हैं, बावजूद इसके बिजली विभाग मनमानी कर रहा है। स्मार्ट मीटर लगने के बाद उपभोक्ताओं के बिजली बिल दो से तीन गुना तक बढ़ गए हैं। यह सीधे तौर पर आम जनता के शोषण का मामला है। कांग्रेस इसे बर्दाश्त नहीं करेगी और व्यापक जनआंदोलन करेगी।
पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष राव आफाक और मनोज सैनी ने कहा कि भाजपा सरकार में अधिकारी निरंकुश हो चुके हैं और भ्रष्टाचार चरम पर है। कांग्रेस जनता को जागरूक कर सरकार के खिलाफ खड़ा करेगी।
पार्षद शहाबुद्दीन अंसारी और विवेक भूषण ने कहा कि वे अपने क्षेत्रों में स्मार्ट मीटर नहीं लगने देंगे और जनता की आवाज को दबाने वाले अधिकारियों को सबक सिखाया जाएगा।
प्रदर्शन में पार्षद सुनील कुमार, अकरम अंसारी, नौमान अंसारी, लाली, पुनीत कुमार, मंजू रानी, हिमांशु राजपूत, लक्ष्य चौहान, इदरीस मंसूरी, सनी कुमार, भूपेंद्र वशिष्ठ, मोहित चौधरी सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में सरकार की नीतियों के खिलाफ संघर्ष का ऐलान किया।



