

ऑपरेशन कालनेमी :44 और ढोंगी बाबाओं पर बड़ी कार्रवाई,
रिपोर्ट: दिशा शर्मा
हरिद्वार पुलिस ने ऑपरेशन कालनेमी” चलाकर धर्म की आड़ में लोगों को गुमराह करने वाले ढोंगी बाबाओं के विरुद्ध बड़ा अभियान चलाया है। मुख्यमंत्री उत्तराखण्ड के निर्देश पर चल रहे इस विशेष अभियान के अंतर्गत पुलिस ने जनपद के शहरी व देहात क्षेत्रों में छापेमारी कर 44 बहरूपियों को हिरासत में लिया।

ये व्यक्ति साधु-संतों का भेष धारण कर तंत्र-मंत्र, जादू-टोना व अन्य ढोंग के माध्यम से आमजन और श्रद्धालुओं की आस्था का शोषण कर रहे थे। पुलिस ने मौके पर सभी का सत्यापन किया और जिनकी गतिविधियाँ व दस्तावेज संदिग्ध पाए गए, उन्हें हिरासत में लेकर विधिक कार्यवाही शुरू की गई।

अभियान के दौरान देहात क्षेत्र में कोतवाली गंग नहर से 24, कोतवाली मंगलौर से 11, थाना कलियर से 6, थाना खानपुर से 1 और थाना भगवानपुर से 2 बहरूपियों को पकड़ा गया। हरिद्वार पुलिस का यह अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेगा, ताकि धर्म की गरिमा बनी रहे और समाज सुरक्षित रहे।



