गांव में राशन घोटाला!
डीलर की मनमानी से तंग ग्रामीणों ने खोला मोर्चा, जांच की उठी मांग
रिपोर्ट:नीरज रनखंडी
लक्सर।न्याय की उम्मीद लेकर राशन की लाइन में खड़े ग्रामीण अब आक्रोशित हो उठे हैं। न्यामतपुर गांव में राशन वितरण को लेकर भारी गड़बड़ी का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने महेश्वरा स्थित राशन डीलर पर मनमानी, बदसलूकी और राशन हड़पने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि डीलर महीने में सिर्फ एक-दो बार दुकान खोलता है और वो भी आखिर में, जिससे कई जरूरतमंदों को समय पर राशन नहीं मिल पाता। नई तारीख शुरू होते ही डीलर पिछला राशन “वापस हो गया” कहकर टरका देता है। यही नहीं, डीलर की दबंगई इतनी बढ़ गई है कि वह खुलेआम कहता है कि “कोई उसका कुछ नहीं बिगाड़ सकता।”
इस मामले को लेकर पंकज चौधरी, प्रमेश चौधरी, दीपक शर्मा, सुरेश कुमार, चंद्र कुमार, रणवीर कुमार, सोनू समेत दर्जनों ग्रामीणों ने लक्सर खाद्य पूर्ति निरीक्षक और जिला पूर्ति अधिकारी को शिकायत पत्र भेजा है।
उधर, खाद्य पूर्ति निरीक्षक ने मामले की जांच कर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है। अब देखना होगा कि प्रशासन की जांच में हकीकत क्या सामने आती है और ग्रामीणों को न्याय कब तक मिलता है।



