बरसात में बीमारियों का बढ़ा खतरा: लक्सर अस्पताल में रोजाना डेढ़ सौ से अधिक मरीज पहुंच रहे ओपीडी
रिपोर्ट:नीरज रनखंडी!
लक्सर। मौसम में हो रहे बदलाव और बरसात के चलते लक्सर क्षेत्र में बीमारियों का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लक्सर में हर दिन 150 से अधिक मरीज वायरल फीवर, खांसी, जुकाम, और त्वचा संबंधी समस्याओं जैसे खाज-खुजली की शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं। कभी-कभी यह संख्या 200 के पार भी पहुंच रही है।स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सैयद रफी अहमद ने जानकारी देते हुए बताया कि बीते कुछ दिनों में वायरल फीवर के साथ-साथ टाइफाइड के मरीजों की संख्या में भी इजाफा हुआ है। पहले जहाँ मरीजों की संख्या 100 के आसपास थी, अब रोजाना 150 से अधिक मरीज आ रहे हैं।
डॉ. अहमद ने बताया कि अस्पताल में मरीजों को आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराई जा रही हैं और सभी प्रकार की मौसमी बीमारियों के लिए पर्याप्त दवाएं स्टॉक में हैं। उन्होंने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है ताकि बीमारी से बचाव किया जा सके।
*बचाव के लिए अपनाएं ये उपाय*
फ्रिज का ठंडा पानी पीने से बचें।
बुखार या वायरल की स्थिति में ठंडी चीज़ें न खाएं।
रात को हल्का व सुपाच्य भोजन करें।
बाहर निकलते समय पूरी बांह के कपड़े पहनें।
खुले पानी या संक्रमित स्रोत से पानी न पिएं।
डॉ. रफी अहमद ने लोगों से अपील की है कि लक्षण महसूस होने पर समय रहते चिकित्सकीय सलाह लें और स्वयं इलाज न करें। सावधानी और सतर्कता ही इन बीमारियों से बचने का सबसे बेहतर उपाय है।



