GK Vaid (सत्यम एक्सप्रेस)
ऋषिकेश। बीते 12 जुलाई को कोतवाली क्षेत्र के श्यामपुर इलाके में हुई कार पर फायरिंग मामले में पुलिस ने तीन हमलावर युवकों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के पास से 03 देसी तमंचे व 03 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। हालांकि मामले में नामजद आरोपी अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर है। पुलिस की टीमें फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।
कोतवाली ऋषिकेश में मामले का खुलासा करते हुए एसपी देहात जया बलूनी ने बताया कि वैभव रावत पुत्र दिनेश रावत, निवासी शिव विहार कालोनी गुमानीवाला, थाना ऋषिकेश ने हर्ष चौधरी उर्फ हर्ष जाट, लब कांबोज व अन्य के खिलाफ नामजद तहरीर देते हुए बताया कि यह सभी लोग एक कार एचआर-29 अप 6019 120 में सवार होकर बैराज रोड आए और उस पर व उसके साथियों पर फायरिंग कर जानलेवा हमला किया और मौके से भाग गये।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस एवं एसओजी की टीमें गठित की गई। गठित पुलिस टीमो ने घटना स्थल के आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी और मुखबिर की मदद से हमलावरों की जानकारी जुटाई। जिसके बाद पुलिस ने तीन हमलावर युवकों हिमांशु उर्फ प्रशांत कुमार पुत्र मुकेश कुमार (19 वर्ष), दीक्षित कुमार पुत्र जसवीर सिह (19 वर्ष) निवासी ननहेडा थाना भगवानपुर व विशाल कश्यप उर्फ सुटर पुत्र जसपाल सिंह (20 वर्ष) निवासी ग्राम तांशीपुर कोतवाली मंगलौर को खाण्डगांव पार्किंग के पास से गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों के पास से 03 देशी तंमचे व 03 जिन्दा कारतूस बरामद किए गए। जबकि घटना में शामिल अन्य आरोपी हर्ष चौधरी उर्फ हर्ष जाट व लब कांबोज की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार सभी सम्भावित ठिकानों पर दबिशे दे रही है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि हर्ष चौधरी का वादी वैभव रावत से पूर्व से किसी बात को लेकर विवाद था। जिसके चलते हर्ष चौधरी ने बादी व उसके साथियों को डराने के लिये अभियुक्तों को ऋषिकेश बुलाया और फायरिंग की घटना को अंजाम देकर फरार हो गए थे।



