अवैध खनन पर जिला प्रशासन का फिर शिकंजा
रिपोर्ट: दिशा शर्मा
हरिद्वार। तहसील लक्सर के ग्राम प्रतापपुर, बाणगंगा क्षेत्र में अवैध खनन की शिकायत पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। जिलाधिकारी हरिद्वार के निर्देश पर जिला खान अधिकारी मोहम्मद काजिम के नेतृत्व में विभागीय टीम ने सुबह 4 बजे छापेमारी की। इस दौरान क्षेत्र में अवैध खनन करते हुए 10 ट्रैक्टर-ट्रॉली और दो जेसीबी मशीनें पकड़ी गईं। कुल 12 वाहनों को मौके पर जब्त कर कोतवाली लक्सर की सुपुर्दगी में सौंप दिया गया।
प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध खनन करने वालों में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध खनन, भंडारण और परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। खनन विभाग की टीम नियमित रूप से संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी रख रही है और नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जा रही है।



