भाजपा के पूर्व विधायक और रविदासाचार्य सुरेश राठौर पार्टी से निष्कासित,
रिपोर्ट:दिशा शर्मा /वैशाली शर्मा
हरिद्वार। भाजपा प्रदेश संगठन ने शनिवार को हरिद्वार के ज्वालापुर विधानसभा सीट से विधायक और रविदासाचार्य रहे सुरेश राठौर को पार्टी से छह साल तक के लिए निष्कासित कर दिया है। आरोप है कि पिछले दिनों पूर्व विधायक राठौर के अमर्यादित आचरण के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे। इससे भाजपा संगठन को किरकिरी का सामना करना पड़ा था। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। पिछले दिनों राठौर के कई वीडियो वायरल हुए थे। जिनमें वे एक महिला के संग भी दिखाई दे रहे थे। विपक्ष ने इस मुद्दे को लपकते हुए भाजपा संगठन को कटघरे में खड़ा करने की कोशिश भी की थी।
इस पर भाजपा ने पूर्व विधायक से स्पष्टीकरण भी मांगा था। एक हफ्ते पहले पूर्व विधायक राठौर भाजपा मुख्यालय पहुंचे थे और अपना स्पष्टीकरण प्रदेश अध्यक्ष भट्ट को सौंपा था। शनिवार को भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने बताया कि राठौर के स्पष्टीकरण के जवाब से संगठन संतुष्ट नहीं थे। उन्हें लगातार पार्टी की मर्यादा एवं सामाजिक आचारण उल्लंघन का दोषी पाया गया। इस वजह से राठौर को पार्टी से छह साल तक के लिए निष्कासित कर दिया है।