सूरीनाम के राष्ट्रपति चंद्रिका प्रसाद संतोखी ने हरिद्वार में लिया संतों का आशीर्वाद, भारत की संस्कृति की प्रशंसा की
रिपोर्ट दिशा शर्मा।
हरिद्वार।तीन दिवसीय भारत यात्रा पर आए सूरीनाम के राष्ट्रपति चंद्रिका प्रसाद संतोखी बुधवार को हरिद्वार पहुंचे, जहां उन्होंने कनखल स्थित रामेश्वर आश्रम में महामंडलेश्वर स्वामी रामेश्वरानंद सरस्वती का आशीर्वाद लिया। संतोखी ने भगवान शिव का अभिषेक किया और विश्व शांति व भारत की समृद्धि की कामना की। उन्होंने गुरु पूजन व गो पूजन भी किया, जो उनकी गहरी आध्यात्मिक आस्था का प्रतीक है।संतोखी ने कहा कि “भारत की संस्कृति न केवल भारत, बल्कि पूरे विश्व को आकर्षित करती है।” उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भी प्रशंसा करते हुए कहा कि उनकी दूरदृष्टि से भारत-सूरीनाम संबंध और मजबूत हुए हैं। संतोखी ने बताया कि उन्होंने अपना शपथ ग्रहण संस्कृत मंत्रों के साथ किया था, जो भारतीय संस्कृति से प्रेरित था।
आश्रम में स्वामी हरि चेतनानंद, स्वामी ऋषि देव, स्वामी नरेशानंद सहित कई संतों ने उनका पारंपरिक स्वागत किया। स्वामी रामेश्वरानंद ने कहा कि राष्ट्रपति का आगमन आश्रम के लिए गौरव की बात है।



