
भाई दूज पर दिनदहाड़े युवक को गोली मारकर आरोपी फरार
– पूर्व विवाद को लेकर आरोपियों ने शहर के मोहल्ले में हमला किया, घायल को सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर
मैनपुरी। शहर के मोहल्ला बड़ी नगरिया में भाई दूज के दिन दिनदहाड़े एक युवक को गोली मार दी गई। युवक निखिल (20) की गर्दन में गोली लगी, जिससे उसकी हालत गंभीर बनी। घायल को प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल से मेडिकल कॉलेज सैफई रेफर किया गया। घटना के पीछे पूर्व में हुए झगड़े को बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, गुरुवार की सुबह निखिल छोटी नगरिया का रहने वाला, बड़ी नगरिया के पास शिव मंदिर के पास लगे हैडपंप से पानी पी रहा था। तभी एक कार वहां रुकी और उसमें से दो नामजद युवक उतरे। आरोपियों ने एक दिन पहले हुए विवाद को लेकर निखिल से गाली-गलौज शुरू कर दी।
निखिल ने कहा कि वह झगड़े में शामिल नहीं था, लेकिन आरोपियों ने उसकी नहीं सुनी। इसी दौरान एक आरोपी ने तमंचे से गोली चला दी। गोली निखिल की गर्दन में लगी और वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। गोली चलने की आवाज से मोहल्ले में दहशत फैल गई।
लोगों के जुटते ही आरोपी वहां से भाग निकले। सूचना पर सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहां से निखिल को गंभीर हालत में सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। सीओ सिटी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी गिरफ्तार किए जाएंगे।



